सोनिया-राहुल ने दिए राज्य में कांग्रेस को सशक्त बनाने के निर्देश
प्रदेश कांग्रेस की नई टीम जम्मू-कश्मीर में लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए उनकी आवाज बनकर पार्टी को सशक्त बनाने के लिए अभियान चलाए।ये दिशा निर्देश कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दिए।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। 'प्रदेश कांग्रेस की नई टीम जम्मू-कश्मीर में लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए उनकी आवाज बनकर पार्टी को सशक्त बनाने के लिए अभियान चलाए। ये दिशा निर्देश कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली में उनसे मिलने पहुंचे नए प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर व उनकी टीम के अन्य सदस्यों को दिए। प्रदेश कांग्रेस की टीम किसान रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंची थी।
मीर ने सोमवार सुबह राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें जम्मू-कश्मीर के मौजूद राजनीतिक परिदृश्य व भाजपा-पीडीपी के सत्ता में आने से उपजे हालात के बारे में जानकारी दी। कांग्रेस राज्य में करीब बारह साल तक सत्ता में रहने के बाद अब विपक्ष में बैठी है। इस समय राज्य की चौथे नंबर की पार्टी बनकर कांग्रेस के समक्ष खोया आधार हासिल करने की बहुत बड़ी चुनौती है।
ऐसे हालात में मीर के प्रधान बनने के बाद हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने राज्य में कांग्रेस की भावी नीति पर चर्चा की। मीर ने राज्य में भारी बारिश से किसानों को हुए नुकसान के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान राहुल गांधी ने जोर दिया कि कांग्रेस सशक्त बनकर लोगों को इंसाफ दिलाए।
बाद में प्रदेश कांग्रेस की टीम ने दस जनपथ में सोनिया गांधी व राहुल गांधी से भेंट की। इस मौके पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद व महासचिव, जम्मू-कश्मीर प्रभारी अंबिका सोनी भी मौजूद रहे। नई टीम ने केंद्रीय नेतृत्व को राज्य के हालात के साथ विधानसभा के अंदर व बाहर पार्टी द्वारा निभाई जा रही भूमिका के बारे में जानकारी दी।
केंद्रीय नेतृत्व से भेंट करने वाली प्रदेश कांग्रेस की टीम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शाम लाल शर्मा, विधायक दल के नेता रिगिजन जोरा, रमण भल्ला, गुलाम नबी मोंगा, जीएम सरूरी, रवींद्र शर्मा व पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।