विकास के लिए वोट करें जनता : अश्विनी
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : जम्मू-कश्मीर में चुनावी बिगुल बजने के साथ ही चुनावी हलचल तेज हो गई है। चुनाव
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : जम्मू-कश्मीर में चुनावी बिगुल बजने के साथ ही चुनावी हलचल तेज हो गई है। चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनेताओं ने रैलियों का दौर शुरू करते हुए विपक्षी दलों पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला शुरू कर दिया है। रविवार को बिश्नाह से विधायक अश्विनी शर्मा ने सैदगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए जनता से विकास के लिए वोट डालने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करते हुए शर्मा ने दावा किया कि उनके पांच महीने के कार्यकाल में देश की जनता एकजुट हुई है। अब समय आ गया है कि हरियाणा व महाराष्ट्र की तरह जम्मू-कश्मीर की जनता भी विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट दे।
कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन सरकार पर बरसते हुए विधायक ने कहा कि राज्य गठबंधन सरकार ने अपने कार्यकाल में सीमावर्ती लोगों, किसानों व रिफ्यूजियों की अनदेखी की है। उनके मसलों को सुलझाने में पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने कहा कि सीमापार से होने वाली गोलाबारी से आए दिन सीमावर्ती लोगों को पलायन करना पड़ता है लेकिन राज्य सरकार उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं करवा पाई। भाजपा सत्ता में आने के बाद इन सभी समस्याओं का निवारण करेगी। जनसभा के दौरान भाजपा के आरएसपुरा जिला प्रधान सतपाल, भाजपा नेता सूरज देव सिंह, सरपंच अवतार सिंह व जनक राज ने भी संबोधित किया।