मां दुर्गा के पाठ से मिलती अमोघ शक्ति
जागरण संवाददाता, जम्मू : ब्रह्मार्षि श्री कुमार स्वामी ने एमए स्टेडियम में प्रभु कृपा दुख निवारण समा
जागरण संवाददाता, जम्मू : ब्रह्मार्षि श्री कुमार स्वामी ने एमए स्टेडियम में प्रभु कृपा दुख निवारण समागम के दूसरे दिन रविवार को कहा कि मां भगवती और श्रीदुर्गा सप्तशती के कीलक पाठ की शक्तियां कल्पना से परे हैं। मां शक्ति के दुर्लभ आलोक से हर प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिल सकती है।
समागम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। समागम में जब लोगों ने दिव्य पाठ से होने वाले अनुभव सुनाए तो मंच पर उपस्थित विशिष्ट लोग, बुद्धिजीवी व वैज्ञानिक परिवेश के लोग हैरान रह गए। कुमार स्वामी जी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में करोड़ों लोग दिव्य पाठ कर रहे हैं और अपने असाध्य कष्टों से मुक्ति पा रहे हैं। वैज्ञानिक जगत ने भी तथ्यगत अनुभवों को देखकर दिव्य पाठ की शक्ति को स्वीकार कर लिया है। सभी धर्मो के धर्मग्रंथों में अपार शक्तियां गुप्त रूप से मौजूद हैं, जिनसे जनकल्याण का पावन कार्य हो सकता है। प्रभु कृपा के इस शक्तिशाली आलोक से आज संसार के करोड़ों लोगों को लाभ हो रहा है। यह प्रारूप भौतिक सीमा से परे है। आत्मा-परमात्मा के इस प्रारूप को केवल तत्वेत्ता ही समझ सकता है। स्वामी ने कहा कि पाठ की शक्ति का अनुमान कोई नहीं लगा सकता। आप उतना सोच भी नहीं सकते जितना फल यह पाठ आपको देगा। इस अवसर पर भगवान श्री लक्ष्मी नारायण धाम के महासचिव श्री गुरुदास जी ने कहा कि परम पूज्य सद्गुरुदेव जी द्वारा प्रदान किए जा रहे प्रभु कृपा नाम पाठ से होने वाले प्रमाणिक अनुभवों को देखकर मेडिकल साइंस से जुडे़ वैज्ञानिक और डॉक्टर हैरान हैं। वे आश्चर्यचकित हैं कि केवल पूजा-पाठ करने से वे कष्ट बड़ी सहजता से समाप्त हो गए जिनका समाधान मेडिकल साइंस के पास भी नहीं था।