सीमा पर युद्ध जैसे हालात दोनों ओर तोपें तैनात
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : भारत-पाक सीमा पर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। दोनों देशों ने सीमा पर तोपें तैनात कर दी हैं। शुक्रवार रातभर पाक रेंजरों ने रिहायशी इलाके को निशाना बनाकर मोर्टार शेल दागे जो गांव जबोवाल, त्रेवा, चानना, चंगिया, कदोवाल, कठाड़ गांव में गिरे। गोलीबारी का ज्यादा नुकसान त्रेवा गांव में हुआ। यहां दर्शन लाल व मोहेंद्र लाल के घर के मुख्य द्वार शेल लगने से टूट गए व दीवारें भी टूट गई। वहीं, गवर्नमेंट हाई स्कूल में एक मोर्टार शेल गिरने से स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। ओम प्रकाश की घर की छत पर मोर्टार शेल गिरने से घर की छत टूट गई और शेल बेडरूम में जा गिरा। बिजली बंद होने के कारण परिजन दूसरे कमरे में सो रहे थे। भगवान का शुक्र है कि कोई अनहोनी नहीं हुई। वरना जानी नुकसान हो सकता था। अब त्रेवा गांव पाक रेंजरों की नजर में आ गया है और पाक रेंजर भी रॉकेट दाग रहे हैं।