थाईलैंड में चंद्र प्रकाश के स्कल्पचर की धूम
जागरण संवाददाता, जम्मू : दुनिया भर में लकड़ी और पत्थर के स्कल्पचर बना कर राज्य का नाम रोशन करने वाले चंद्र प्रकाश और सोनू अग्रवाल ने इस बार थाईलैंड में मोम के स्कल्पचर बनाकर राज्य की मूर्तिकला को विशेष पहचान दिलाने का कार्य किया है।
थाईलैंड में आयोजित इस तीसरे वैक्स स्कल्पचर सिम्पोजियम में चंद्र प्रकाश के अलावा 10 अंतरराष्ट्रीय और सात थाईलैंड के कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम सांस्कृतिक आदान प्रदान के उद्देश्य से किया गया था। थाईलैंड के पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस कैंप को पर्यटकों को आकर्षित करने के मकसद से आयोजित किया गया था।
कैंप में चंद्र प्रकाश ने कपल विद गोट विषय पर स्कल्पचर बनाया। उनकी धर्मपत्नी सोनू अग्रवाल जो स्वयं भी एक नामी कलाकार हैं, कैंप में उनकी सहायक थी। उन्होंने चार मीटर बाय दो मीटर स्कल्पचर बनाया।
चंद्र प्रकाश ने बताया कि 26 जून से 14 जुलाई तक चली इस संगोष्ठी के बाद सभी स्कल्पचर की झांकी का आयोजन किया गया। कलाकारों का विशेष सम्मान किया गया। भारत के कार्यो को लेकर कलाकारों और वहां के लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।