सांबा में दो कारों में टक्कर, छह घायल
संवाद सहयोगी, सांबा : राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदिनी जिला मुख्यालय के चौक पर दो कारों की भिड़ंत में दिल्ली के एक परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। जबकि दूसरी कार के चालक को चोटें लगी हैं।
बुधवार शाम को बैगन आर कार जिसमें दिल्ली के पांच सदस्य सवार थे, की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। घायलों को जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया गया। उनमें से एक घायल की गंभीर हालत देख जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। घायलों की पहचान सुशीला शर्मा उसका बेटा जतिन व बेटी पारी, उसकी बहन उषा देवी व ममता देवी सभी निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। दूसरी कार में सवार महिला विद्या देवी निवासी ऊधमपुर को चोटें आई हैं। विद्या देवी को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। भिड़ंत के बाद घायलों की चीखो पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।