लॉटरी से तय हुए हाजी
जागरण संवाददाता, जम्मू : हज पर जाने वाले श्रद्धालुओं का चयन करने के लिए बुधवार को भारतीय हज समिति मुंबई ने वर्ष 2014 में हज के लिए हाजियों के नाम कंप्यूटर लॉटरी के जरिए घोषित किए। राज्य हज समिति के कार्यालय में यह प्रक्रिया डिप्टी कमिश्नर श्रीनगर, एग्जीक्यूटिव आफिसर, जम्मू-कश्मीर स्टेट हज समिति और काफी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दिखाई गई।
इस वर्ष 27085 श्रद्धालुओं ने हज पर जाने के लिए आवेदन भरे। इनमें जम्मू-कश्मीर के लिए 6730 सीट कोटे में रखी गई थी। लॉटरी प्रक्रिया के बाद वर्ग-ए और वर्ग-बी में 5687 हाजियों का चयन किया गया। इनमें वर्ग ए के तहत चयनित हुए हाजियों की संख्या 3015 है। इस वर्ग में शामिल हाजियों की उम्र 70 साल से ऊपर होती है। वहीं 2672 को आरक्षित वर्ग-बी के तहत शामिल किया गया। इनमें वे हाजी शामिल हैं जो लगातार चार वर्षो से हज जाने के लिए आवेदन भर रहे हैं। बाकी बची 1043 सीटों के लिए चयनित होने वाले हाजियों के नाम लॉटरी प्रक्रिया के बाद घोषित कर दिए जाएंगे।