आज से हरि थियेटर में देख सकेंगे डोगरी फिल्म गीटियां
जम्मू : डोगरी फिल्मों के बढ़ते रुझान और दर्शकों के उत्साह को देखते हुए डोगरी फिल्म गीटियां शुक्रवार से हरि थियेटर में दिखाई जाएगी। इससे पहले यह फिल्म पांच सप्ताह तक केसी सिने प्लेक्स में चली। अस्सी के दशक की जम्मू की गैंगवार को दर्शाती डोगरी फिल्म 'गीटियां' में कलाकारों के कार्य एवं तकनीक को दर्शकों ने पसंद किया। फिल्म के निर्माता निर्देशक राहुल शर्मा ने बताया कि दर्शकों की मांग थी कि फिल्म कुछ सप्ताह और चलनी चाहिए। फिल्म जिस उद्देश्य से तैयार की गई उसमें सफलता मिली है। अब जरूरत इसकी है कि अधिक से अधिक लोग फिल्म देखें। जिस तरह पंजाब फिल्म इंड्रस्टीज उभरी है, उसी तरह की संभावनाएं डोगरी में भी हैं। इस फिल्म की सफलता के बाद दूसरे कई लोग डोगरी में अधिक से अधिक से अधिक कार्य करने के लिए प्रेरित हुए हैं। मुख्य भूमिका तनवीर डार, यशपाल शर्मा, गणेश यादव, मुश्ताक काक, मास्टर अकरम, तेजस्वनी शर्मा, सुभाष जम्वाल, महेश पुरी, शेर सिंह आदि शामिल हैं। फिल्म के गाने स्व. केएस मधुकर, मोहन सिंह, लक्की नूर, बलराज बख्शी, हबीब तविषी यशपाल यश के लिखे हुए हैं। इन गानों को सुरेश वाडेकर और जावेद अली ने गाया है। संगीत निर्देशन अरविंद का है। राहुल ने उम्मीद जताई कि उनकी इस फिल्म को देखने वालों की संख्या और बढे़गी।