भाजपा व नेकां कार्यकर्ताओं में जमकर चले ईट-पत्थर
संवाद सहयोगी, विजयपुर : रामगढ़ के घो ब्राहमणा गांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) कार्यकर्ताओं के बीच हुए खूनी संघर्ष में दोनों ओर से बारह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवती भी शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेकां व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जम्मू-पुंछ लोकसभा के लिए दस अप्रैल को हुए मतदान के दौरान विवाद शुरू हुआ था। उस समय भी तूतू-मैंमैं से शुरू हुआ विवाद झड़प तक पहुंचा जा पहुंचा था। पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत करवा दिया था। इसके बाद भी दोनों ओर से कार्यकर्ता एक दूसरे पर हमले की फिराक में थे। जब वीरवार को वे आमने सामने हुए तो उन्होंने एक दूसरे पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। दोनों ओर से चले ईट, पत्थरों में बारह से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें भाजपा का पूर्व जिला प्रधान केशव दत्त, उसका भाई ओम प्रकाश, उसकी भतीजी एकता शर्मा व महिला शशि पत्नी अशोक सतीश कुमार भी शामिल हैं। वहीं, इस हमले में दूसरी ओर से अजय पुत्र बाबू राम, अशोक कुमार, अरुण शर्मा पुत्र ब्रिज मोहन, कपिल मगोत्रा पुत्र कुलदीप राज, संजीव कुमार पुत्र अंग्रेज राम, अंग्रेज लाल पुत्र साई दास भी घायल हो गए। उधर, दोनों गुटों में हुई भिडं़त की सूचना मिलते ही पुलिस भी गांव में पहुंच गई। उन्होंने स्थिति को संभाल घायलों को विजयपुर अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। ईट पत्थरों की इस लड़ाई में दोनों गुटों के लोगों के सिर पर ही चोटें लगी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए केशव दत्त, उसकी भतीजी एकता, महिला शशि, अजय कुमार और उसके भाई अशोक कुमार को डॉक्टरों ने जीएमसी अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने गांव में तैनाती बढ़ा दी है।
वहीं, थाना प्रभारी रामगढ़ मुश्ताक अहमद का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।