आइटीआइ संस्थानों में विरोध स्वरूप कार्य ठप किया जाएगा : रायजादा
संवाद सहयोगी, ऊना : हिमाचल प्रदेश सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी जिलों में कार्यरत कर्मचारियों की प
संवाद सहयोगी, ऊना : हिमाचल प्रदेश सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी जिलों में कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नतियों के राह में बेवजह अडंगा डालने का कार्य कर रहे हैं। यह बात आइटीआइ तकनीकी कर्मचारी संघ के मुख्य सलाहकार यशपाल सिंह रायजादा और प्रदेशाध्यक्ष गुलाब सिंह वर्मा ने संयुक्त रूप से कही। उन्होंने प्रदेश सरकार से ऐसे कर्मचारी विरोधी लोगों को तुरंत प्रदेश सचिवालय से स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग में विभिन्न आइटीआइ संस्थानों में लम्बे समय से लगभग 75 पद प्रधानाचार्यो के रिक्त चल रहे हैं। जिससे छात्रों की पढ़ाई पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शिक्षा का उचित प्रबंध न होने के कारण हाहाकार मची हुई है। फिर भी विभागीय उच्चाधिकारी तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली से भी झूठ बोलकर प्रधानाचार्य पद भरने की कवायद में रोड़ा अटका रहे हैं। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि कोई अधीनस्थ कर्मचारी प्रधानाचार्य पद पर कार्य नहीं करेगा। वहीं 10 सितंबर तक यदि डीपीसी नहीं की गई तो तकनीकी निदेशालय और सचिवालय में धरना प्रदर्शन करने उपरांत सभी सरकारी आइटीआइ संस्थानों में विरोध स्वरूप कार्य ठप किया जाएगा। जिसका जिम्मेदार प्रशासन होगा।