जहरीला पदार्थ निगलने वाली विवाहिता ने तोड़ा दम
अम्ब : संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने वाली उपमंडल अम्ब के नैहरियां गांव की विवाहिता रजनी देवी ने सोमवार देर रात्रि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दम तोड़ दिया। हालांकि मरने से पहले रजनी देवी पुलिस को बयान नहीं दे पाई। इसके चलते यह राज भी उसकी मौत के साथ ही दफन हो गया कि उसने जहरीला पदार्थ क्यों और किस कारण से निगला था।
नैहरियां गांव की रजनी देवी की शादी कांगड़ा जिले की देहरा तहसील के अंतर्गत गांव बह ढोंटा में हुई थी। नैहरियां में उसके मायके थे और वह इन दिनों मायके आई हुई थी। 26 वर्षीय रजनी देवी के दो बच्चे हैं। सोमवार को उसे गंभीर हालत में अम्ब अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने उसके द्वारा जहरीला पदार्थ निगल लेने की पुष्टि की थी। रजनी देवी की अति नाजुक हालत होने के कारण वह पुलिस को बयान नहीं दे पाई थी। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर लिया है।