मोदी सरकार के सौ दिन में जनता को मिला धोखा : विप्लव
संवाद सहयोगी, गगरेट : सांसद विप्लव ठाकुर ने सीमा पर हो रही गोलीबारी व बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को कोसा। सरकार के सौ दिन के शासन में जनता के हाथ धोखा ही लगा है केंद्र सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने में बुरी तरह से विफल रही है। विपक्ष में रहते हुए इन मुद्दों पर सरकार को घेरने वाली भाजपा अब सत्ता हाथ लगते ही इन मुद्दों को भूल गई है। पड़ोसी देश पाकिस्तान रोजाना सीज फायर का उल्लंघन कर रहा है लेकिन केंद्र सरकार मूक दर्शक बनकर तमाशा देख रही है।
विप्लव ठाकुर रविवार को गगरेट के भद्रकाली गांव में आयोजित समारोह में बोल रही थीं। उन्होंने भाजपा पर जनता के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपीए सरकार के दौरान भाजपा बेतहाशा महंगाई बढ़ जाने का आरोप लगाते हुए जहां कांग्रेस को कोसती थी। नरेंद्र मोदी स्वयं जनता को भाजपा के सत्ता में आने पर महंगाई पर लगाम कसने का आश्वासन देते थे, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार का रंग ही बदल गया है। आज टमाटर साठ रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं लेकिन मोदी सरकार इस महंगाई को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा पा रही है।
पड़ोसी देश पाकिस्तान व चीन बार-बार भारतीय सेनाओं को चुनौती दे रहे हैं। यहां तक कि भारत-पाक सीमा पर हर रोज पाकिस्तानी सेनाएं सीज फायर का उल्लंघन कर रही हैं लेकिन पाकिस्तानी सेना को मुंह तोड़ जवाब देने की हिम्मत केंद्र सरकार नहीं कर पा रही है। देश को आगे ले जाने का राग अलापने वाली एनडीए सरकार जो कल तक यूपीए सरकार की नीतियों का विरोध करती थी, आज उन्हीं नीतियों को आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया, जसवां-परागपुर विस क्षेत्र के पूर्व विधायक निखिल राजौर, जिप सदस्य कांता कंवर, कै. बलवंत परमार, वेद पराशर, दीपक भोलू सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।