आपदा पर राजनीति संकीर्ण मानसिकता : सिपहिया
संवाद सहयोगी, बंगाणा : प्रदेश में हुई भारी बरसात से तबाही पर कुछ भाजपा नेता राजनीतिक रोटिया सेंकने में लगे हुए है। जिन लोगों पर यह आपदा आई है उनको ढाढस बंधाने की बजाए उल्टा उन पर ही तंज कस कर उन्हे और दुखी किया जा रहा है। जबकि भाजपा नेताओं को चाहिए कि प्रदेश सरकार से मिलकर आपदा प्रभावितों की आर्थिक मदद करे।
केसीसी बैंक के चेयरमैन जगदीश सिपहिया ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर गंभीरता से काम कर रही है। सरकार को इसके प्रति दोषी ठहराना उचित नहीं है। क्योंकि यह व्यक्तिगत नहीं बल्कि प्राकृतिक है। भाजपा नेताओं की आपदा पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रशासन को हिदायत दी है कि इस बरसात से हुए नुकसान पर कोई कोताही ना बरती जाए। डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में सरकार ने प्रदेश में एक समान विकास करवाया है। कई अहम योजनाएं चलाकर स्कूल के बच्चों व गरीब जनता को राहत दी है। भाजपा नेता प्रदेश सरकार को सत्ता से हटाने के मनसूबे देख रही है परन्तु ये कभी पूरे नहीं होंगे। सिपहिया ने कहा कि प्रदेश सरकार एकजुट है। इस अवसर पर प्रवीण शर्मा, रणवीर राणा, रघुवीर संगम आदि मौजूद थे।