हिम अकेडमी को मिली हॉकी इंडिया से मान्यता
जागरण संवाददाता, सोलन : पहाड़ी प्रदेश में भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी की प्रतिभाओं को मैदानी स्तर पर तराशने का रास्ता अब साफ हो गया है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे। हिमाचल में इसके लिए प्रयासरत हिम गोल्ड कप हॉकी सोसायटी की हिम अकेडमी को हॉकी इंडिया से मान्यता मिल गई है। इसमें इस अकेडमी को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। प्रदेश में हॉकी के उत्थान एवं इसके प्रति स्कूली बच्चों में छोटी उम्र से ही रुझान पैदा करने के लिए नालागढ़ उपमंडल स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल जगातखाना में हिम अकेडमी ने कार्य शुरू कर दिया है।
गुरु नानक पब्लिक स्कूल में अकादमी के तहत पहले चरण में 40 लड़के-लड़कियों को लिया गया है, जिनके प्रशिक्षण व खेल गतिविधियों का खर्चा अकादमी उठाएगी। इसकी शुरुआत डे अकेडमी के तौर पर हुई है। अगले वर्ष मार्च तक इसे रेजिडेंशल करने की योजना है। इनके प्रशिक्षण के लिए अकेडमी ने तीन महिला कोच नियुक्त की हैं, जो मिजोरम से संबंधित हैं। अकादमी द्वारा इन सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट व खेलने का सामान मुहैया करवाया जाएगा।
इसके अलावा नालागढ़ स्थित अकाल पुरख एकेडमी पंजैहरा व विवेका पब्लिक स्कूल सैनमाजरा के 30 बच्चों को भी अपने साथ जोड़ा है, जिन्हें अकेडमी के बच्चों के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। अकेडमी के बच्चों के प्रशिक्षण के लिए आजकल गुरु नानक पब्लिक स्कूल में खेल मैदान का दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। मैदान में मिट्टी समतल कर उसमें हरी घास लगाई जा रही है, ताकि अक्टूबर में प्रस्तावित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए फील्ड को तैयार किया जा सके।
रिजवी बने अकेडमी की कार्यकारिणी के निदेशक
अकेडमी के संचालन के लिए अकादमी की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें प्रधान सचिव शिक्षा अली रजा रिजवी को निदेशक बनाया गया है। जिलाधीश सोलन व अतिरिक्त जिलाधीश को मनोनित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाया गया है। एसडीएम नालागढ़ अकादमी के स्थानीय प्रभारी होंगे। अकादमी में सहायक आयुक्त सुभाष सकलानी को अतिरिक्त निदेशक, वेद शर्मा को सचिव और युक्ति शर्मा, विकास दास्ता, पवन शर्मा, दलजीत सिंह, दिलबाग सिंह, किम और मंगलेश्वर शर्मा को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।