देश को भाजपा दे सकती है स्वच्छ सरकार : धूमल
संवाद सहयोगी, सोलन : पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देश को भाजपा ही स्वच्छ और स्थिर सरकार दे सकती है। उन्होंने यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र के साथ हिमाचल में भी भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। यहां तो मुख्यमंत्री स्वयं भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त हैं। वह शनिवार को सिरमौर जिला में पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इससे पूर्व शिलाई व सतौन में भी जनसभाएं की और शिमला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कश्यप के लिए वोट मांगे।
धूमल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में अभी तक प्रदेश के लिए कुछ भी नहीं दे पाई है। प्रदेश में किसी भी बेरोजगार को भत्ता नहीं मिला है। डिपुओं से राशन गायब हो गया है। लोगों को सस्ते राशन के लिए कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दुश्मन हमारे सैनिकों के सिर काटकर ले जाते हैं और सरकार मौन बैठी रहती है। उन्होंने सिरमौर के लोगों से भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई समाप्त करने और विकास के नाम पर वोट मांगे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी घर-घर जाकर प्रचार करने की अपील की। डॉ. राजीव बिंदल, चंद्रमोहन, बलदेव तोमर, चौधरी सुखराम व वीरेंद्र कश्यप ने भी जनसभा को संबोधित किया।