खाई में गिरी कार, दो पर्यटकों की मौत
जागरण संवाददाता, नाहन : नाहन-शिमला एनएच 907 ए पर एक बोलेरो तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी
जागरण संवाददाता, नाहन : नाहन-शिमला एनएच 907 ए पर एक बोलेरो तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायल हैं। हादसा शुक्रवार रात डेढ़ से दो बजे के करीब कनलोग के ब्लैक स्पॉट पर हुआ, जिसका पता सुबह ग्रामीणों को लगा।
उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर शहर के साउथ कृष्णा उरीनंद (हाउस नंबर 96/25) के रहने वाले ये पर्यटक गाड़ी में शिमला से मसूरी जा रहे थे। चालक कनलोग के तीखे मोड़ पर गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पैराफिट के ऊपर से निकलकर खाई में गिर गई। यूपी 12 एम 7941 नंबर बोलरो में छह लोग सवार थे। इनमें दो महिलाएं, तीन पुरुष व एक बच्ची शामिल थी। हादसे में सलीम (30) व तौकिर (24) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह ग्रामीणों की सहायता से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों में फिरदोश, रफीक व कादिर अली शमिल हैं। चार वर्षीय फतिमा को कम चोटें आई हैं। सुबह करीब छह बजे जब कनलोग के ग्रामीण बावड़ी से पानी भरने जा रहे थे, तब ग्रामीणों ने बच्ची व आदमी के रोने की आवाज सुनी।
उसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस व 108 एंबुलेंस को दुर्घटना की जानकारी दी। कंटीली झाड़ियों में फसी बोलरो से तीन घटे की मशक्कत के बाद पच्छाद पुलिस के जवानों ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सराहा सिविल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायल चालक रफीक व फिरदोश को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। कादिर अली व फमिता का उपचार सराहा अस्पताल में चल रहा है। पुलिस थाना पच्छाद के एएसआइ सोहन लाल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की छानबीन जारी है। पर्यटक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।