निरमंड मंडी में 2500 रुपये पेटी बिक रहा रॉयल
जागरण संवाददाता, शिमला : जिला कुल्लू की निरमंड फल मंडी में रॉयल सेब ने दस्तक दे दी है। प्रदेश की अन्
जागरण संवाददाता, शिमला : जिला कुल्लू की निरमंड फल मंडी में रॉयल सेब ने दस्तक दे दी है। प्रदेश की अन्य मंडियों में भले ही इस बार सेब की गुणवत्ता सही न हो, लेकिन निरमंड मंडी में सेब के अच्छे दाम बागवानों को मिल रहे हैं। यहां दाग वाले रॉयल सेब की 25 किलोग्राम पेटी का ही मूल्य 1800 रुपये तक मिल रहा है। बिना दाग का सेब 2500 रुपये तक प्रति बाक्स बिक रहा है।
सीजन के शुरुआती दौर में कम दाम मिलने से मुरझाए बागवानों के चेहरों पर फिर से रौनक छा गई है। दामों में हुई बढ़ोतरी के बाद मंडी में बागवानों की आवक भी बढ़ गई है। यहां तक कि जिला शिमला से भी बागवानों ने निरमंड मंडी तक पहुंचना शुरू कर दिया है।
देशभर से निरमंड मंडी में व्यापारी पहुंचे हैं। खूब सेब की खरीदारी भी कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि कुल्लू के निरमंड में सेब काफी अच्छी गुणवत्ता का है। बाहरी राज्यों में इसकी काफी अच्छी डिमांड रहती है। तीन वर्षो में मंडी अपने शीर्ष पर पहुंच चुकी है। वर्ष 2014 में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंडी का उद्घाटन किया था। निरमंड मंडी के आढ़ती मुहम्मद हासिफ का कहना है कि तीन ही वर्षो में मंडी ने प्रदेश सहित देशभर में नाम कमा लिया है। स्थानीय लोगों को इस मंडी का काफी फायदा मिला है। अन्य राज्यों से भी आढ़ती मंडी पहुंच रहे हैं, जिससे दाम भी अच्छे मिल रहे हैं।