कुल्लू में बाढ़ में बह गया गोशाल पुल
जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश में हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफा
जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश में हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं तथा भूस्खलन के कारण कई घर ढह गए हैं व कईयों पर खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा सड़कें बाधित होने से भी लोगों की दिक्कतें बढ़ी हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिला कांगड़ा के पालमपुर में बारिश के कारण पंचरुखी की भरवाणा पंचायत में दो घर ढह गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जबकि जिला की कई संपर्क सड़कें बाधित हो गई हैं।
वहीं, चंबा जिला का चंबा-जोत-चुवाड़ी मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। यहां पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। जिला कुल्लू के कंगनी नाले में बाढ़ आने के कारण गोशाल पुल बह गया है। इससे यहां पर लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। जिला शिमला में भी रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी है। ऊपरी शिमला में बारिश के कारण बागवानों को सेब मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी कामकाजी लोगों व स्कूली बच्चों को हो रही है। मौसम विभाग ने दो अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। शुक्रवार से सोमवार तक शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा व चंबा जिला में भारी बारिश हो सकती है।
बीते 24 घंटों के दौरान गोहर में सबसे अधिक बारिश 182 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। पालमपुर में 56, शिमला में 26, बैजनाथ में 20, नाहन में 19, धर्मशाला में 15 व मंडी में नौ मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आया है। वीरवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान ऊना में 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान मनाली में 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के तापमान की स्थिति
शिमला 16.1 20.7
सुंदरनगर 21.6 30.8
भुंतर 21.4 32.0
कल्पा 14.0 22.0
धर्मशाला 18.4 28.2
ऊना 25.0 35.5
नाहन 20.7 29.7
केलंग 17.0 27.9
सोलन 19.5 25.5
मनाली 13.0 24.0
मंडी 15.7 29.6