अमित शाह ने दिल्ली बुलाई हिमाचल भाजपा कोर कमेटी
राज्य ब्यूरो, शिमला : भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल भाजपा कोर कमेटी को दिल
राज्य ब्यूरो, शिमला : भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल भाजपा कोर कमेटी को दिल्ली तलब किया है। नई दिल्ली के 11 अशोका रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगी।
बैठक में प्रदेश से कोर कमेटी के 14 सदस्य जाएंगे। माना जा रहा है कि कोर कमेटी में प्रदेश के नेताओं को सत्ता में वापस लौटने के लिए टिप्स दिए जाएंगे। हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में पार्टी की 50-50 जीत पर भी विचार मंथन होगा। कोर कमेटी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के अतिरिक्त तीनों महामंत्री डॉ. राजीव बिंदल, रणधीर शर्मा, विपिन सिंह परमार व संगठन महामंत्री पवन राणा शामिल होंगे। प्रदेश के चारों लोकसभा सांसद शांता कुमार, रामस्वरूप शर्मा, अनुराग ठाकुर व वीरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहेंगे। सतपाल सिंह सत्ती व संगठन महामंत्री पवन राणा ने कहा कि बैठक का एजेंडा अमित शाह का रहेगा। अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। उसके दृष्टिगत संगठन को सक्रिय करने पर बैठक में खास तौर पर बात हो सकती है। पार्टी में चल रही गुटबाजी को खत्म करने पर भी बात हो सकती है। पंचायत चुनाव में जिस तरह के नतीजे आए हैं, उसे देखते हुए पार्टी किस रणनीति पर काम करेगी, इस पर भी चर्चा होगी। दिल्ली रवाना होने से पहले कोर कमेटी के सभी सदस्य शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय दीपकमल में बैठक करेंगे।