अब अपनी सीट पर मिलेंगे विवि के कर्मचारी
संवाद सहयोगी, शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कर्मचारियों को अब ड्यूटी का पाबंद होना पड़ेगा।
संवाद सहयोगी, शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कर्मचारियों को अब ड्यूटी का पाबंद होना पड़ेगा। प्रशासन ने कर्मचारियों के विरोध को दरकिनार करते हुए विश्वविद्यालय में बॉयोमीट्रिक मशीन लगाने की कवायद तेज कर दी है। विवि प्रशासन की ओर से तीस लाख रुपये की लागत से करीब 27 मशीनें खरीदी हैं, इन्हें एक माह के अंदर विवि के हर विभाग में लगा दिया जाएगा। विवि में प्रशासन शाखा से लेकर विभागों तक करीब एक हजार कर्मचारी तैनात हैं।
विवि में बॉयोमीट्रिक मशीन लगाने का प्रस्ताव प्रशासन की ओर से करीब एक साल पहले लाया गया था, मगर कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। विवि प्रशासन ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मचारियों को कई बार प्रशासन कारण बताओ नोटिस जारी कर चुका है, मगर अब मशीनें लग जाने के बाद कर्मचारी मनमर्जी से ड्यूटी से अनुपस्थित नहीं रह सकेंगे। कुलपति और प्रतिकुलपति कई बार विभिन्न शाखाओं का दौरा कर चुके हैं और इस दौरान अनेक कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं पाए गए थे। ऐसे में प्रशासन ने सख्ती करते हुए अब बायोमिट्रिक मशीन लगाने का फैसला लिया है।
'विवि में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बेहतर सेवाएं उपलबध करवाने के लिए बॉयोमीट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। हालांकि कर्मचारियों ने बॉयोमिट्रिक मशीन लगाने का विरोध जताया था, मगर मशीनें लग जाने के बाद सब कुछ सामान्य हो जाएगा।'
-प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान, प्रतिकुलपति, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय।