Move to Jagran APP

कल्याण बने हिमाचल के 24वें राज्यपाल

राज्य ब्यूरो, शिमला : कल्याण सिंह ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के 24वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। प्

By Edited By: Published: Wed, 28 Jan 2015 06:07 PM (IST)Updated: Thu, 29 Jan 2015 04:43 AM (IST)
कल्याण बने हिमाचल के 24वें राज्यपाल

राज्य ब्यूरो, शिमला : कल्याण सिंह ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के 24वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह को हिमाचल का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वह यह जिम्मेदारी आगामी आदेश तक संभालेंगे।

loksabha election banner

राजभवन में आयोजित सादे समारोह में कल्याण सिंह ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे शपथ ग्रहण की। मुख्य सचिव पी मित्रा ने राज्यपाल की नियुक्ति का वारंट पढ़ा। इसके बाद राज्यपाल को पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल, आइपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, मुख्य संसदीय सचिव नंद लाल, नगर निगम के महापौर संजय चौहान, उपमहापौर टिकेंद्र सिंह पंवर, मुख्य सूचना आयुक्त भीम सेन, राज्य चुनाव आयुक्त टीजी नेगी, जीओसी-इन-आरट्रैक लेफ्टिनेंट जनरल बीएस सच्चर, प्रदेश पुलिस प्रमुख संजय कुमार सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। कल्याण की पुत्रवधु प्रेमलता वर्मा व पौत्र संदीप कुमार भी आयोजन में शामिल हुए। पदभार संभालने के बाद कल्याण सिंह ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। शपथ ग्रहण के दौरान सभागार में किसी प्रकार की राजनीतिक गहमागहमी नजर नहीं आई। शपथ लेने के बाद भाजपा के कुछेक नेताओं ने तालियां बजाई।

----------------------

कल्याण का सफर

कल्याण सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गाव मधोली में पांच जनवरी, 1932 को हुआ। वह दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वह वर्ष 1967 से लगातार छह बार उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायक बने। 1977 में वह उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बने। वर्ष 2004 से 2014 तक लोकसभा के सदस्य भी रहे। वह दो बार भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहे। उन्होंने चार सितम्बर, 2014 को राजस्थान के राज्यपाल का कार्यभार संभाला।

---------------

राज्यपाल से मुख्यमंत्री की भेंट

शिमला : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को राज्यपाल कल्याण सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदेश से जुड़े कई मसलों पर चर्चा भी की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.