अमरोआ में गैस एजेंसी के गोदाम से 71 सिलेंडर चोरी
संवाद सूत्र, झंडूत्ता : अमरोआ में स्थित गैस एजेंसी के गोदाम से चोरों ने सोमवार रात 71 सिलेंडर चुरा लिए। एजेंसी प्रबंधन ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
गैस एजेंसी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे वह गोदाम में पहुंचे। उन्होंने गैस सिलेंडर से भरी गाड़ी को गोदाम के पास खड़ा किया लेकिन दरवाजा टूटा हुआ था। इस पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। गोदाम के भीतर जांच करने पर पता चला कि सिलेंडर गायब थे। उन्होंने बताया कि चोर गोदाम का दरवाजा तोड़कर 19 खाली गैस सिलेंडर, 49 भरे गैस सिलेंडर व 18 किलोग्राम गैस के कुछ सिलेंडर चुरा ले गए। इतनी बड़ी चोरी की किसी को कानों कान भनक नहीं लगी। चोरी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र पाल ने कहा कि चोरों ने गोदाम को निशाना बनाया है। चोरों की तलाश में पुलिस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।