आधार कार्ड से कसेगा फर्जी खिलाड़ियों पर शिकंजा
संवाद सहयोगी, मंडी : अब स्कूली खेलों में निर्धारित आयुसीमा से एक दिन भी ज्यादा उम्र का खिलाड़ी नहीं ख
संवाद सहयोगी, मंडी : अब स्कूली खेलों में निर्धारित आयुसीमा से एक दिन भी ज्यादा उम्र का खिलाड़ी नहीं खेल पाएगा। शिक्षा विभाग ने अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है। आधार कार्ड से ही खिलाड़ी की पहचान व उम्र का मिलान किया जाएगा। बिना आधार कोई भी खिलाड़ी खेल मैदान में नहीं उतरेगा। इससे स्कूलों की खेलों में फर्जी खिलाड़ियों के खेलने पर अंकुश लगेगा, वहीं, खेलों में पारदर्शिता भी बनी रहेगी। इससे पहले कई स्कूलों के शारीरिक शिक्षक खंडस्तर पर स्कूल का नाम चमकाने व ट्रॉफी कब्जाने के चक्कर में निर्धारित आयु से अधिक उम्र के खिलाड़ियों को मैदान में उतार देते थे। कई बार नौवीं कक्षा तक के खिलाड़ियों को फर्जी तरीके से मैदान में उतार दिया जाता था। इससे कई बार खेलों में विवाद भी हुए। इसको देखते हुए अब शिक्षा विभाग ने स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाडि़यों की आयु प्रमाणपत्र में आधार कार्ड भी अनिवार्य रहेगा। इससे खिलाड़ी की सही पहचान हो सकेगी। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के पीईटी और डीपीआइ को हिदायत दी है कि कोई भी खिलाड़ी प्रतियोगिता में बिना आधार कार्ड नहीं लाएं। सभी खिलाड़ियों के आधार कार्ड भी खेलों के दौरान साथ लाएं। आधार कार्ड अनिवार्य करने के कारण खिलाड़ियों की कक्षा के बारे में पता लगाना आसान रहेगा। इस वर्ष स्कूलों की अंडर-14 खेलों में एक जनवरी 2004 के बाद के खिलाड़ी भाग लेंगे। इससे एक दिन भी अधिक उम्र का खिलाड़ी खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएगा।
........
स्कूली खेलों के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए सभी पीईटी व डीपीई को सूचित कर दिया गया है। खेलों के दौरान अगर किसी भी खिलाड़ी की आयु अधिक लगेगी तो उसके आधार कार्ड से कक्षा का मिलान किया जाएगा।
- केडी शर्मा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा।