शिकारी की हत्या का आरोपी हमीरपुर से गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मंडी : सरकाघाट उपमंडल की झंझैल पंचायत के टेला गांव में शिकार के दौरान अपने ही साथी
जागरण संवाददाता, मंडी : सरकाघाट उपमंडल की झंझैल पंचायत के टेला गांव में शिकार के दौरान अपने ही साथी पर गोली दागकर उसकी हत्या करने के आरोपी बलजीत सिंह निवासी नगरोटा गाजियां (हमीरपुर) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से वह बंदूक भी बरामद कर ली है जिससे उसने राजकुमार पर गोली दागी थी। आरोपी को पुलिस ने वीरवार को सरकाघाट कोर्ट में पेश किया, वहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी से पूछताछ के बाद इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं से पर्दा उठने की उम्मीद है। बलजीत पूर्व सैनिक है। वारदात के बाद वह भूमिगत हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। दो दिन की लुकाछिपी के बाद पुलिस ने उसे बुधवार देर रात हमीरपुर से गिरफ्तार कर लिया। बलजीत की गिरफ्तारी के बाद अब शिकार करने गए अन्य लोग भी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। टेला गांव का राजकुमार रविवार को जंगल में साथियों के साथ शिकार करने गया था। शिकार के दौरान वह गोली लगने से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया था, वहां उसने दम तोड़ दिया था। पुलिस अधीक्षक मंडी मोहित चावला ने राजकुमार की हत्या में संलिप्त बलजीत सिंह को गिरफ्तार करने व तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने की पुष्टि की है।