महिलाओं के लिए नहीं रोकी एचआरटीसी की बसें
काकू चौहान, मंडी भले ही सरकार ने भैयादूज पर सूर्य उदय से सूर्य अस्त होने तक महिलाओं के लिए निशुल्क
काकू चौहान, मंडी
भले ही सरकार ने भैयादूज पर सूर्य उदय से सूर्य अस्त होने तक महिलाओं के लिए निशुल्क बस सुविधा प्रदान कर रखी थी लेकिन जिला मंडी में महिलाओं को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया।
शनिवार को भैयादूज पर जिले के कई रूटों पर महिलाओं के लिए एचआरटीसी की बसें नहीं रोकी गई तो कुछ रूटों पर महिलाओं से किराया भी वसूला गया। इससे महिलाओं को सरकार की इस सुविधा से महरूम रहना पड़ा। एचआरटीसी के चालकों व परिचालकों की मनमानी से महिलाएं सुविधा से वंचित रहीं। मंडी-कुल्लू, मंडी- जोगेंद्रनगर, मंडी-रिवालसर व मंडी-सुंदरनगर सहित अन्य रूटों पर महिलाएं सुबह से ही बसों की इंतजार करती रहीं, लेकिन बसें नहीं रोकी गई। इस कारण उन्हें दिनभर धूप में खड़े रहकर बसों का इंतजार करना पड़ा। मंडी- रिवालसर रूट पर तो महिलाओं से किराया वसूला गया। महिलाओं कविता देवी, सुमित्रा, सुनीता, प्रियंका, पिंकी, अनू व पूजा ने बताया कि इन रूटों पर एचआरटीसी के चालक व परिचालक मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भैयादूज पर इन रूटों पर एचआरटीसी की बसें नहीं रोकी गई। इस कारण उन्हें निजी वाहनों में किराया खर्च कर सफर करना पड़ा। एचआरटीसी मंडी मंडल के मंडलीय प्रबंधक एएन सलारिया ने कहा कि भैयादुज पर एचआरटीसी के सभी चालक व परिचालकों को महिलाओं को निशुल्क सफर की सुविधा प्रदान करने के आदेश दिए गए थे। शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी।