कांग्रेस शासन में सुरक्षित नहीं लोग : ठाकुर
जागरण संवाददाता, मंडी : भाजपा नेता जवाहर ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस शासन में लोग सुरक्षित नहीं हैं।
जागरण संवाददाता, मंडी : भाजपा नेता जवाहर ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस शासन में लोग सुरक्षित नहीं हैं। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं को भी सही तरीके से लागू नहीं कर पा रही है। दो राज्यों में भाजपा की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए जवाहर ठाकुर ने मिठाई भी बांटी।
उन्होंने कहा कि यही अच्छे दिनों की शुरुआत है। कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के सामने ही यदि क्षेत्रीय अस्पताल में फर्जी डॉक्टर घुसकर लोगों का इलाज करने लग जाए तो इससे बुरे हालात और क्या हो सकते हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा की भी क्या गारंटी है। भाजपा नेता के अनुसार कांग्रेस शासन में विकास कार्यो पर ग्रहण लग गया है। केंद्र की जन धन योजना समेत अन्य योजनाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि तभी जनता भाजपा को समर्थन दे रही है। लोगों को साल में 12 घरेलू रसोई गैस सिलेंडर भी मिल रहे हैं और लोग सिलेंडर इकट्ठे भी ले सकते हैं। इस मौके पर रणवीर सिंह, हेमपाल राणा, प्रदीप परमार व पंकज शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।