केंद्र सरकार से जनता का मोहभंग : प्रकाश चौधरी
जागरण संवाददाता, मंडी : आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि केंद्र में बनी भाजपा सरकार से देश की जनता का मात्र सौ दिन में ही मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हुए हर उपचुनाव में भाजपा ग्राफ गिरता ही गया है। मंगलवार को घोषित हुए तीसरे उप चुनावों के नतीजे ने इस बात पर मुहर लगा दी है। जनता ने हर मोर्चे पर भाजपा को दरकिनार कर दिया है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पूर्व जनता को कई सब्जबाग दिखाए थे। हकीकत यह है कि देश में बेकाबू मंहगाई आसमान छू रही है। मोदी ने सरकार बनने के बाद 150 दिन के भीतर कालाधन देश लाने की बात की थी, जिसमें सौ से अधिक दिन बीत जाने पर भी कोई प्रगति नहीं हुई है। पाकिस्तान से आए दिन सीमा पर फायरिंग करके भारतीय जवानों को निशाना बनाया जा रहा है। चीन भी लगातार सीमा का उल्लंघन कर भारत को आंखें दिखा रहा है। जनता भाजपा की हवाहवाई बातों को समझ चुकी है।