धर्मपुर में बारिश से 300 परिवार प्रभावित : रोहित
सहयोगी, धर्मपुर : धर्मपुर हलके की नौ पंचायतों में बारिश व बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान तनेहड पंचायत में हुआ है। एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने पत्रकारों को बताया कि बारिश से 300 परिवार प्रभावित हुए हैं। दो महिलाओं की मौत हुई है। एक महिला का शव बरामद हो चुका है। 175 परिवारों को फौरी राहत प्रदान कर दी गई अन्य परिवारों को एक सप्ताह के अंदर मुआवजा दे दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 46 परिवारों को दो माह का राशन मुफ्त दिया गया है। 24 परिवारों को गैस चूल्हा सिलेंडर, 40 परिवारों को बर्तन, कंबल व 120 परिवारों को तिरपाल दिए गए हैं। बारिश से हलके में 55 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 105 मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। 15 गायें, 23 बैल,29 भैंसे व 93 भेड़-बकरियां मारी गई हैं। एक बोलेरो गाड़ी, दो कार, एक बाइक व टिप्पर बाढ़ में बह गया है। राहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।