कार व जीप टकराई, चार लोग घायल
संवाद सहयोगी, चौंतड़ा : मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी-कांगड़ा सीमा पर एक ही दिशा में जा रही कार व जीप ओवरटेक करते समय टकरा गई। हादसे में कार पहाड़ी से टकरा गई। वहीं, जीप सड़क किनारे लुढ़क गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए।
बैजनाथ की ओर जा रही कार को एक जीप ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस कारण दोनों में टक्कर हो गई। इस कारण कार अनियंत्रित होकर पहाड़ से टकरा कर पलट गई। वहीं, जीप लगभग 100 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई। कार में सवार रुलदू राम पुत्र कर्म दास निवासी शमशी (कुल्लू) व उसके रिश्तेदार तोता राम, वेद प्रकाश व जीप चालक बलबीर सिंह पुत्र राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। जोगेंद्रनगर थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि घायल वेद प्रकाश व जीप चालक बलबीर सिंह को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर किया गया है। अन्य घायलों का ईलाज सिविल अस्पताल बैजनाथ में किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।