प्रदेश सरकार पर बिफरे पूर्व मंत्री रामलाल
संवाद सहयोगी, मनाली : पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता डाक्टर रामलाल मार्कडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजा
संवाद सहयोगी, मनाली : पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता डाक्टर रामलाल मार्कडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय लोगों की अनदेखी कर रही है। दशकों से वन भूमि पर खेती कर रहे लाहुली आज सरकार और लाहुल-स्पीति प्रशासन की वजह से भूमिहीन हो गए हैं। सरकार ने वन अधिकार अधिनियम 2005 को लागू न कर लाहुलियों की समस्या को बढ़ा दिया है।
जारी बयान में पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार की अनदेखी सहन नहीं की जाएगी। दशकों से वन भूमि पर खेती कर रही लाहुल की जनता ने वन अधिकार अधिनियम 2005 के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रशासन के समक्ष आवेदन किए हुए हैं। लेकिन प्रशासन और सरकार की अनदेखी के चलते आज इन किसानों से वन विभाग ने वन भूमि छीन ली है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र किन्नौर, पांगी, भरमौर और स्पीति में वन अधिकार अधिनियम 2005 के तहत जनजातीय लोगों को राहत दी गई है। लेकिन लाहुल के सैकड़ों परिवार राहत न मिलने से भूमिहीन हो गए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लाहुल के लोगों से जानबूझ कर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने विधायक रवि ठाकुर पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि वे लाहुल के किसानों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक की लापरवाही की वजह से आज लगभग 192 घरों से बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। लोग परेशान है लेकिन लोगों की समस्या से अनजान विधायक दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि लाहुलियों की दिक्कतों को गंभीरता से लें अन्यथा लोग सड़कों पर उतरने को विवश होंगे। उधर, एसडीएम उदयपुर डाक्टर अमित गुलेरिया ने कहा कि 2013 से पहले जिन लोगों ने वन भूमि के कब्जों को नियमित करने को आवेदन किए थे उन्हें प्रशासन और सरकार ने रद कर दिया था।