सैलानियों के लिए तैयार हिम वैली कल्चर पार्क
संवाद सहयोगी, मनाली : हिम वैली एम्यूजमेंट एंड कल्चर पार्क सैलानियों के लिए तैयार है। सर्दियों के कार
संवाद सहयोगी, मनाली : हिम वैली एम्यूजमेंट एंड कल्चर पार्क सैलानियों के लिए तैयार है। सर्दियों के कारण बंद रहे पार्क में अब समर सीजन की शुरुआत हो गई है। विधायक गोविंद ठाकुर ने शुक्रवार को इसकी विधिवत शुरुआत की तथा पर्यटन के क्षेत्र में फन पार्क को एक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि मनाली आने वाले सैलानियों को एक नया पर्यटनस्थल मिल गया है। पार्क में हर आयु वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। इसमें सैलानियों को देशभर की संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा। इस पार्क में हिमाचली संस्कृति को प्राथमिकता दी गई है जबकि अन्य राज्यों की संस्कृति की भी झलक मिलेगी। पार्क में हिमाचली रीति रिवाज से स्वागत के साथ गांव का निमार्ण कर कुल्लू की प्राचीन संस्कृति पर्यटकों को देखने को मिलेगी।
भोपा डांस, जादूगर, कुल्लवी नाटी, सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों की नाटी, सारंगी डांस, कठपुतली डांस सहित राजस्थानी डांस भी सैलानियों का खूब मनोरंजन करेगा। उन्होंने पार्क के संचालक अरोड़ा की सराहना की तथा अपनी ओर से हरसंभव सहयोग की बात कही।
नप मनाली के उपाध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि पार्क से मनाली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधान संघ नगर खंड के अध्यक्ष वेद राम ठाकुर ने कहा कि पार्क में लगे झूले बच्चों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। दूसरी ओर सैलानी किश्ती में बैठकर सुकून के दो पल बिता सकेंगे।
हिम वैली एम्यूजमेंट एंड कल्चर प्राइवेट लिमिटेड संचालक अशोक शर्मा, कल्चर इंडिया के चेयरमेन एमएल अरोड़ा व निदेशक जगजीत सिंह अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने मनाली को एक नया पर्यटन स्थल देने का प्रयास किया है। पार्क में सैलानियों को कुल्लवी संस्कृति के साथ-साथ प्रदेश व देश की संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है।