स्पीति के विकास पर खर्च होंगे 4.28 करोड़
संवाद सहयोगी, मनाली : वित्तीय वर्ष 2014-15 के दौरान प्रदेश के जनजातीय स्पीति उपमंडल में सड़क, पुलों व भवनों के निर्माण कार्यो पर चार करोड़ 28 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। लाहुल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने यह जानकारी अपने स्पीति घाटी के प्रवास के दौरान डेढ़ करोड़ की लागत से निर्मित रामा पुल के उद्घाटन अवसर पर दी।
उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से रामा, शगलुंग, लालुंग तथा डंखर के आसपास के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वकाक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जो विकास कार्य चलाए जा रहे हैं उन्हें पूर्ण किया जाएगा।
ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने स्पीति उपमंडल मुख्यालय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ा कर नागरिक अस्पताल बनाने की घोषणा की है और उन्होंने पिन घाटी के गुलिंग गाव की उच्च पाठशाला का भी दर्जा बढ़ा कर जमा दो का विद्यालय बनाने की घोषणा की है।
विधायक ने इससे पूर्व पिन घाटी के मुद गाव में निर्मित होने वाले वन विभाग के निरीक्षण कुटीर की आधारशिला रखी। साढे दस लाख की लागत से नवनिर्मित पशु औषधालय का लोकापर्ण किया तथा पिन घाटी के खर गाव में साढे दस लाख की लागत से निर्मित पशु औषधालय का उद्घाटन किया। मुद गाव में स्थानीय विधायक ने जन समस्याएं सुनी और मौके पर ही निपटारा किया।
उन्होंने बताया कि पिन वैली के किर नाला में सडक तथा पुल निर्माण के लिए एक करोड़ 12 लाख रुपये सरकार की ओर से स्वीकृत किए गए हैं और 50 लाख की अतिरिक्त राशि भी शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी। कुंगरी में बीएसएनएल टावर अति शीघ्र स्थापित कर दिया जाएगा। ठाकुर ने मुद से फरका तक मार्ग निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र प्राकलन तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त स्पीति उपमंडल सुनील शर्मा, अधिशाषी अभियतां लोक निर्माण मंडल काजा वीके पराशर, अधिशासी अभियतां सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंडल काजा एसके शर्मा, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य सोहन सिंह, दोरजे छोपेल तथा गटुक अंगमों और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।