बंजार में नौ दुकानें राख
संवाद सूत्र, खुंदन (बंजार) : कुल्लू जिला के बंजार के मुख्य बाजार में सोमवार देर रात आग लगने से नौ दुकानें राख हो गई। हादसे में चार परिवार बेघर हो गए। आग से करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। मौके पर पहुंचे विधायक कर्ण सिंह को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। इस कारण उन्होंने धरना दिया व चक्का जाम कर दिया। लोग समय पर अग्निशमन वाहन न पहुंचने से खफा थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग देर रात करीब 12:30 बजे लगी। दुकानों के पिछले हिस्से में चार मकान मालिक रहते थे जो सोए हुए थे। आग देखकर मकान मालिक जागे। उनका चिल्लाना सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काठकुणी शैली (लकड़ी से निर्मित) की दुकानें देखते ही देखते राख हो गई। इन नौ मुख्य दुकानों में छोटी-छोटी 14 दुकानें चलती थीं। राख हुई संपत्ति के 17 हिस्सेदार हैं। आग से दुकानों व घरों में रखा सारा सामान राख हो गया। लोगों का चिल्लाना सुनकर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस कर्मी व गृहरक्षक मौके पर पहुंचे मगर तेज लपटों के कारण कोई भी आगे न ना सका। ग्रामीणों ने कुल्लू व मंडी स्थित अग्निशमन विभाग के कर्मियों को सूचना दी। कुल्लू व मंडी से अग्निशमन विभाग के कर्मी तड़के करीब तीन बजे पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही सब कुछ जल चुका था। आग इतनी तेज थी कि अग्निशमन कर्मी उसे मंगलवार दोपहर तक बुझाते रहे। मौके पर पहुंचे कुल्लू के उपायुक्त राकेश कंवर व बंजार के एसडीएम वीरेंद्र शर्मा ने फौरी राहत के तौर पर हर मकान मालिक को 20-20 हजार रुपये व दुकानदारों को पांच-पांच हजार रुपये दिए।
उधर, मौके पर पहुंचे बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्ण सिंह ने प्रशासन को प्रभावितों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को कोई कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी। मंडी संसदीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह भी प्रभावितों से मिलने पहुंचे। कर्ण सिंह व अन्य नेताओं को जनता का गुस्सा झेलना पड़ा। बंजार में काफी समय से अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग कर रहे लोग मंगलवार सुबह करीब सात बजे सड़कों पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे व चक्का जाम कर दिया। उन्होंने अग्निशमन वाहनों को भी रोक दिया। लोगों की मांग थी कि बंजार घाटी में अग्निशमन केंद्र खोला जाए या जब तक इसकी व्यवस्था नहीं हो जाती है, तब तक एक अग्निशमन वाहन बंजार में रखा जाए। कर्ण सिंह धरने पर बैठे लोगों से मिलने करीब 11 बजे पहुंचे। लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। लोग उनकी कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। विरोध कर रही कुछ महिलाओं ने विधायक कर्ण सिंह पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। महिलाओं ने विधायक के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन दिया। उधर, कर्ण सिंह ने कहा कि वह महिलाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने महिलाओं से अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया है। कुछ लोग इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं।