केंद्र सरकार का चेहरा किया जाएगा बेनकाब : यादव
शाहपुर में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव ने कहा केंद्र सरकार विकास करवाने तथा रोजगार देने में विफल रही है।
जेएनएन, कांगड़ा। राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के सौजन्य से 16 दिसंबर से रामेश्वरम से शरू की गई युवा क्रांति यात्रा रविवार को हिमाचल पहुंची। प्रदेश के प्रवेश द्वार कंडवाल में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव व उपाध्यक्ष वीवी श्रीनिवासन मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किए और युवाओं से आह्वान किया कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए युवा डट जाएं। उन्होंने कहा केंद्र सरकार विकास करवाने तथा रोजगार देने में विफल रही है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार का चेहरा बेनकाब किया जाएगा।
सम्मेलन को सफल बनाने के लिए यादव ने पूर्व विधायक अजय महाजन की प्रशंसा की। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीनिवासन ने आरोप लगाया प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल बीत चुका है। लेकिन नशे के कारोबार को रोकने में सरकार नाकाम साबित हुई है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय महाजन ने कहा केंद्र सरकार का इंजन हांफ रहा है और प्रदेश सरकार का स्टार्ट ही नहीं हो रहा है। वहीं रविवार देर शाम युवा क्रांति यात्रा का शाहपुर पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता केवल पठानिया के नेतृत्व में स्वागत किया गया। उन्होंने कहा युवा साथी आज रोजगार तलाश रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार रोजगार देने की बजाय नोटबंदी कर रोजगार के दरवाजे ही बंद कर दिए हैं। वहीं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मुनीश ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर नौजवानों को ठगने का आरोप लगाया।