जसवां कांग्रेस पदाधिकारियों में फिर दूरियां
संवाद सहयोगी, देहरा : जसवां परागपुर कांग्रेस में फिर से मनमुटाव व पदाधिकारियों में दूरी दिखने लगी है
संवाद सहयोगी, देहरा : जसवां परागपुर कांग्रेस में फिर से मनमुटाव व पदाधिकारियों में दूरी दिखने लगी है। देहरा में जसवां परागपुर कांग्रेस द्वारा अनुराग ठाकुर के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन से अधिकतर कार्यकर्ताओं ने दूरी बनाए रखी। इससे पिछले कुछ समय से मजबूत होती दिखाई दे रही जसवां परागपुर कांग्रेस में सब कुछ अच्छा न होने के संकेत फिर से दिखाई पड़े हैं। विरोध प्रदर्शन से जसवां परागपुर कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप कुमार का अपने अन्य साथियों सहित न दिखाई देना कांग्रेस में कर्मचारी एवं कामगार कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया एवं पार्टी संगठन के बीच बढ़ती दूरियों की कहानी खुद बयान कर रहा है। वहीं, सुरेंद्र मनकोटिया का कहना है कि उन्होंने पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप कुमार को कार्यक्रम के बारे में बातचीत करते हुए विश्वास में लिया है।
उधर, प्रदीप कुमार का कहना है कि वह एक निजी कार्य के कारण प्रदर्शन में भाग नहीं ले पाए थे। सुरेंद्र मनकोटिया एवं उनके बीच मनमुटाव जैसी कोई बात नहीं है। लेकिन बावजूद इसके प्रदीप कुमार की ब्लॉक कार्यकारिणी के महासचिव गुरबचन सिंह, सचिव विरेंद्र राणा, एससी सैल के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र कुमार गोगा का इस कार्यक्रम से दूरी बनाना जसवां परागपुर कांग्रेस की एकता को शक के दायरे में ला रहा है।