108 में से 25 हैंडपंप गायब!
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा में 2013-14 में लगाए गए 108 हैंडपंपों में से 25 हैं
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा में 2013-14 में लगाए गए 108 हैंडपंपों में से 25 हैंडपंप गायब हैं। आरटीआइ कार्यकर्ता अश्वनी गुप्ता व अधिवक्ता विनय शर्मा ने इस संबंध में विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक को शिकायत भी सौंपी है। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया है कि सूचना के अधिकार अधिनियम से प्राप्त जानकारी में पाया गया है कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए 2013-14 में लगाए गए 108 हैंडपंपों में से 25 हैंडपंप गायब हैं। इनका जिक्र कहीं भी आरटीआइ में सौंपी गई सूची में शामिल नहीं है। यह हैंडपंप स्वीकृत हुए और पैसा भी जारी हुआ। लेकिन लगे सिर्फ कागजों व फाइलों में ही हैं। इन हैंडपंपों पर सरकार ने करीब 40 लाख रुपये खर्च किए हैं। लेकिन यह जनता तक नही पहुंच पाए हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांगड़ा विधानसभा के विधायक निधि का 60 फीसद भाग यानि 50 लाख में से 30 लाख 2013-14 में सिर्फ आइपीएच विभाग को गया है और वहीं यह घोटाला हुआ है। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र हिमाचल का पहला ऐसा विधानसभा क्षेत्र है। इसमें विधायक निधि का पैसा आइपीएच महकमे को श्मशानघाट बनाने, छिंज का मैदान बनाने, रास्ते बनाने के लिए दिया गया है, जबकि यह काम बीडीओ द्वारा करवाए जाते हैं। इसके लिए विजिलेंस को शिकायतपत्र सौंपकर मामले की जाच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।