कमजोर मानसून ने रुलाए नूरपुर के सब्जी उत्पादक
संवाद सूत्र, जसूर : उपमंडल नूरपुर में इस बार कमजोर मानसून से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, क्षेत्र में सब्जी उत्पादकों की भी कमर तोड़ कर रख दी है, किसानों की लागत भी पूरी नहीं हो पाई है। अगस्त से अक्टूबर तक होने वाली लोकल सब्जियां इस बार सितंबर भी पार नहीं कर सकीं।
उपमंडल के बरंडा, रिट, कुटां, नगलाहड़, रप्पड़, धरोह, बदूही, परगना, बासा, भलूण, छतरौली, गयोरा, काथल व गनोह के किसान बारिश पर निर्भर रहते हुए सब्जियां उगाकर काफी लाभ कमाते थे, लेकिन इस बार कमजोर मानसून के कारण यहां मक्की व धान की फसलों को भी खासा नुकसान हुआ है। क्षेत्र के सब्जी उत्पादक अशोक कुमार, जगदीश सिंह, सूरम सिंह, अजय सिंह, रविंद्र सिंह, चमन पठानिया, विकास, राजू, विजय सिंह, नेक राम, विपन चौधरी, सुरजीत सेन व करनैल सिंह व अन्यों का कहना है कि मौसम की मार ने उन्हें भारी नुकसान दिया है। महंगे दामों पर सब्जियों के लिए जाले बनाए गए थे, इनकी लागत भी हाथ नहीं लगी।
भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष कैप्टन सुरेश पठानिया ने सरकार से मांग की है कि इस बार उपमंडल में कमजोर मानसून के कारण हुए नुकसान का तुरंत आकलन कर किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।