पार्टी को बूथ स्तर पर करेंगे मजबूत
संवाद सहयोगी, नूरपुर : नूरपुर जिला भाजपा ने मंगलवार को कंडवाल में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विपन परमार, प्रदेश सचिव विक्रम परमार व प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कृपाल परमार विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर सत्ती ने लोकसभा चुनाव में
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से शांता कुमार को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने की अपील की। बकौल सत्ती, इस समय प्रदेश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है व कार्यकर्ताओं को अभी से पंचायती राज चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए फील्ड में जुटना होगा। भाजपा ने हमेशा जातिवाद, क्षेत्रवाद व भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर विकास को तरजीह दी है और सबका साथ-सबका विकास भाजपा का मूलमंत्र है। सत्ती ने 25 सितंबर से पहले अपने हलकों में नवनिर्वाचित सांसदों के कार्यक्रम करवाने की अपील की। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री शोभा डडवाल, जिला अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, महासचिव रणवीर सिंह निक्का, उपाध्यक्ष अतुल सूदन व नूरपुर मंडल अध्यक्ष लेखराज मौजूद रहे।