कांगड़ा के वरिष्ठ अधिवक्ता बीडी चौधरी का निधन
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : वरिष्ठ अधिवक्ता व कांग्रेसी नेता बीडी चौधरी का निधन हो गया। रविवार को उनके सीने में दर्द महसूस हुई, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उनका निधन हो गया। बीडी चौधरी कांगड़ा के वरिष्ठ अधिवक्ता थे तो कांग्रेस के कई पदों पर आसीन भी रहे। वर्तमान में वह पीसीसी सदस्य थे। रविवार को गुप्त गंगा धाम के पास शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे अजय चौधरी ने उनका अंतिम संस्कार किया। उनकी अंतिम यात्रा में शहर के कई लोग पहुंचे। ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए भी बीडी. चौधरी का समाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके निधन पर परिवहन मंत्री जीएस बाली, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन वर्मा, डीसीसी महासचिव एवं व्यापार मंडल कांगड़ा के अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा, पीसीसी सदस्य अजय वर्मा, नवनीत शर्मा, मनोज मेहता, निशू मोंगरा, पूर्व संसदीय सचिव चौधरी सुरेंद्र काकू, केवल चौधरी सहित, भाजपा नेताओं में पूर्व मंत्री किश्न कपूर, रमेश धवाला , सरवीण चौधरी, विपिन परमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश बराड़, कुलभाष चौधरी, कांगड़ा बार एसोशिएशन के अध्यक्ष कुलदीप चौधरी सहित बार एसोशिएशन कांगड़ा के सदस्यों ने शोक जताया।