हमीरपुर बाजार में भाजपा ने दुकानों पर लगाए स्टीकर
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : हमीरपुर में भाजपा जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : हमीरपुर में भाजपा जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं सहित दुकानदारों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों व प्रदेश सरकार की नाकामियों की जानकारी दी। प्रेम कुमार धूमल जब हमीरपुर शहर के मुख्य बाजार में पहुंचे तो व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान दुकानदारों ने स्वेच्छा से भाजपा कार्यकर्ताओं से मांग कर पार्टी के स्टिकर लिए और अपनी दुकानों और व्यापार प्रतिष्ठानों के काउंटर व शीशों पर लगाए। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने पर्चे भी वितरित किए। उनमें केंद्र सरकार की उपलब्धियां व कल्याणकारी योजनाओं तथा प्रदेश सरकार की नाकामियों के बारे में अवगत करवाया गया है। जन संपर्क के माध्यम से इसे हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान व्यापारी वर्ग का जोश देखकर पूर्व मुख्यमंत्री भी पीछे नहीं रहे उन्होंने स्वयं भी दुकानों के काउंटरों और शीशों पर पार्टी के प्रतीक चिन्ह वाले स्टिकर चिपकाए। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने साढ़े चार साल से हमीरपुर से जो भेदभाव बरता है और जो उपेक्षा की है, उसका जवाब जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में देगी। बुधवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव धीमान ने पदाधिकारियों सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान के तहत पर्चे वितरित किए।