दियोटसिद्ध में गुम हुई बाइक को ढूंढने में पुलिस नाकाम
संवाद सहयोगी, बड़सर : दियोटसिद्ध से पंजाब के जिला जालंधर के नूरपूर निवासी हबीब मसीह की चोरी हुई बाइक
संवाद सहयोगी, बड़सर : दियोटसिद्ध से पंजाब के जिला जालंधर के नूरपूर निवासी हबीब मसीह की चोरी हुई बाइक का पुलिस दो दिन बाद भी सुराग नहीं लगा पाई है। बाइक चोरी की इस घटना के उपरांत पुलिस प्रशासन के पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था व प्रबंधों के दावों की पोल भी खुल गई है। दियोटसिद्ध में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब तीन सौ पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। हैरत की बात है कि यह बाइक जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही सरकारी पार्किंग से गायब हुई है। हबीब मसीह शुक्रवार को दियोटसिद्ध अपने साथियों के साथ माथा टेकने आया था। शुक्रवार रात्रि करीब साढ़े नौ बजे उसने अपनी बाइक जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही पार्किंग में खड़ी की थी। शनिवार को जब उक्त श्रद्धालु बाइक लेने पहुंचा तो बाइक गायब थी। इससे पहले भी दियोटसिद्ध में कई बाइकें गायब हो चुकी हैं।
इस संबंध में दियोटसिद्ध पुलिस चौकी प्रभारी सीएल चौधरी का कहना है कि पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द सफलता हाथ लगेगी।