जागरूक किए जा रहे वाहन चालक
संवाद सहयोगी, नादौन : यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए नादौन पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया
संवाद सहयोगी, नादौन : यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए नादौन पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया है। यातायात पुलिस द्वारा दो दिन से क्षेत्र के कई हिस्सों में नाके लगाए जा रहे हैं।
नादौन थाना प्रभारी जसवीर ठाकुर ने बताया कि वाहन चालकों खासकर दोपहिया वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है ताकि वे तेज गति से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। यातायात प्रभारी क्षतिंद्र कुमार की अगुवाई में जागरूकता के साथ उन वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं जो यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं। युवाओं को दोपहिया बाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि तेज गति से वाहन न चलाने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन चालक नशे में वाहन चलाता हुआ पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दो दिन पूर्व नादौन में एक सड़क दुर्घटना में नौजवान की मौत हो गई थी। इस कारण भी पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर सख्ती की है। यातायात प्रभारी क्षतिंद्र कुमार ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जा रहा है।