मुख्यमंत्री खजाने को लुटाने में मशगूल : धूमल
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सरकारी खजाने को लुटाने में लगे हैं। नए पद सृजित कर चहेतों को लाभ पहुंचाया जा रहा है और इससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बुधवार को सर्किट हाउस हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत में कही।
धूमल ने कहा, मुख्यमंत्री ने बोर्डो व निगमों के चेयरमैन उनके खिलाफ बयानबाजी के लिए ही तैनात किए हैं व उनका जनहित में कोई लाभ नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनौती दी है कि मुख्यमंत्री हरियाणा में हो रहे चुनाव के साथ प्रदेश में भी चुनाव करवाकर देख लें उन्हें कांग्रेस सरकार की लोकप्रियता का पता चल जाएगा। बकौल धूमल, अन्य राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणाम भाजपा के लिए ज्यादा निराशाजनक नहीं हैं। कई राज्यों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। चुनाव में हार और जीत दो पहलू हैं। इसमें हार हुई तो भी कारण जानने होंगे और जीत हुई तो किसकी बदौलत यह जानना भी जरूरी है। हरियाणा व महाराष्ट्र में भाजपा को जीत मिलेगी और सरकारें भी भाजपा की ही बनेंगी। धूमल ने कहा कि 25 सितंबर को बरोहा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर प्रदेशभर के 72 बूथों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृहमंत्री राजनाथ सिंह को निमंत्रण दिया है। हमीरपुर में एम्स के संबंध में धूमल ने कहा कि एक हजार बीघा जमीन की व्यवस्था होने पर ही एम्स खोला जा सकता है। एम्स का श्रेय केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन को जाता है इस पर कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक रोटियां नहीं सेंकनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र का भी जिक्र किया और कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं को जनहित में लिखा पत्र भी रास नहीं आया है और इस पर भी राजनीति की जा रही है। इस मौके पर किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा, जिला महामंत्री विजय पाल सिंह सोहारू, जिला भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अजय शर्मा, सदर मंडल भाजपा महामंत्री राजेश गौतम और अनिल ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।