भाभी पर हमले का आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर
संवाद सहयोगी, नादौन : नादौन में भाभी पर दराट से हमला करने वाले आरोपी का पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि पुलिस उसे छह दिन से ढूंढ रही है। हमले के बाद से ही आरोपी परिजनों सहित घर से गायब हो गया है।
उल्लेखनीय है कि नगारड़ा गांव में दो सगे भाइयों में जमीन विवाद चल रहा था। इस बीच एक भाई ने पिछले शुक्रवार को भाभी पर जानलेवा हमला किया था और उसे लहूलुहान कर कमरे में ताला लगाकर बंद कर दिया था और मौके से फरार हो गया था। ाटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से महिला को कमरे से लहूलुहान अवस्था में बाहर निकाला था। घटना के समय पीड़ित महिला पवना कुमारी पत्नी रणवीर सिंह घर पर अकेली थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार सायं जब घर पर कोई नहीं था तो उस दौरान देवर शेर सिंह ने परिजनों सहित उस पर दराट से हमला कर दिया। घायल अवस्था में आरोपी भाभी को कमरे में बंदकर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। पवना का आरोप है कि आरोपी घटना के दिन से ही फरार है। थाना प्रभारी जसवीर ठाकुर ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा।