सैनिक परिवार के मतदाता, बनेंगे भाग्य विधाता
रणवीर ठाकुर, हमीरपुर
कभी सरहदों की रक्षा करने के लिए तैनात रहे पूर्व सैनिक अब चुनावी मोर्चे पर भी जौहर दिखाएंगे। लोकसभा चुनाव में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पूर्व सैनिक व उनके परिवारों के सदस्य इस बार अहम भूमिका निभाएंगे। इस बात को समझते हुए आम आदमी पार्टी ने यहां शहीद विक्रम बतरा की मां कमल कांता बतरा को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा है। वह सैनिकों परिवारों से रूबरू होकर अपने सैनिक परिवार के प्रति मतदाताओं से सहानुभूति जुटा रही हैं। भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर भी अपनी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। वन रैंक वन पेंशन मसला उठाने के लिए सर्वप्रथम अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को श्रेय दे रहे हैं। यह दावा कि उन्होंने बतौर सांसद रहते लोकसभा में सर्वप्रथम यह मसला उठाया था और उसके बाद स्वयं लगातार संसद में पूर्व सैनिकों के मसले को उठाया। कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा वन रैंक वन पेंशन के मसले का श्रेय कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को दे रहे हैं। राजनीतिक दलों की यह सियासी चाल इस वोट बैंक के लिए है। सियासी दल अपने चुनाव प्रचार अभियान में वन रैंक वन पेंशन का हवाला देकर सैनिक परिवारों को रिझाने में जुटे हैं।
पूर्व सैनिक परिवारों के मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में कुल मतदाता चार लाख के करीब बताए जाते हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के हमीरपुर जिला में पूर्व सैनिक परिवारों के 42 हजार के करीब मतदाता हैं। ऊना में 18 हजार और बिलासपुर में सात हजार इस वर्ग के मतदाता हैं। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब आठ हजार पूर्व सैनिक मतदाता हैं, जोइस चुनाव की दशा व दिशा तय कर सकते हैं।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा चुनाव के साथ ही सुजानपुर विधानसभा उपचुनाव भी है। इसमें भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर व कांग्रेस प्रत्याशी अनीता राणा चुनाव मैदान में हैं। भाजपा व कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी पूर्व सैनिक परिवारों से डोर-टू-डोर संवाद बनाने में जुटी है। आप आदमी पार्टी की लोस प्रत्याशी कमल कांता बतरा स्पष्ट कर रही हैं कि उनके बेटे ने देश की रक्षा के लिए कुर्बानी दी है। कांग्रेस ने देश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ावा दिया और भाजपा ने देश के लिए कुछ खास न करने की बात कह कर पूर्व सैनिक परिवारों को सोच समझ आप के समर्थन में वोट देना के लिए आगे आने को कह रही हैं।
वन रैंक वन पेंशन पर राजनीति न करें राजनीतिक दल : बृज लाल
पूर्व वेलफेयर एक्शन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष स्काड्रन लीडर बृज लाल धीमान ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पूर्व सैनिकों परिवारों के मतदाताओं की संख्या हजारों में हैं। पूर्व सैनिक व सैनिक परिवारों के मतदाताओं की इस चुनाव में अहम भूमिका है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में इसका अधिक प्रभाव है और इसका असर चुनाव में साफ देखा जाएगा। वह कहते हैं राजनीति दल वन रैंक वन पेंशन पर पूर्व सैनिक व सैनिक परिवारों से राजनीति न करें।