कांग्रेस नेता भ्रष्टाचार में शामिल : कंवर
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : पूर्व मुख्य संसदीय विरेंद्र कंवर ने आरोप लगाया है कि केंद्र व प्रदेश की कांग्रेस सरकारें भ्रष्ट हैं। इनके कई नेता भ्रष्टाचार में शामिल हैं।
कंवर ने यहां पार्टी कार्यालय वीर कमल में पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस के पास न तोकोई नेता और न ही इनकी जनता के हित में कोई नीति है। कांग्रेस ने जिन मुद्दों को लेकर चुनाव जीता था, आज जनता चाह रही है कि कांग्रेस नेता स्पष्ट करें कि उन्होंने देश व प्रदेश में सरकार होते हुए उन मुद्दों पर क्या कार्य किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के नौजवानों से धोखा किया हैं और उन्हें कौशल विकास भत्ते के नाम पर ठगा है। स्वां की रेत दिल्ली में 50 हजार रुपये ट्रक बिक रही है और संबधित मंत्री जनता को कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा पहले अपना राजनीतिक अनुभव जानें और फिर भाजपा के नेताओं पर टिप्पणी करें। उर्मिल ठाकुर का अपना घर छोड़ कर दूसरों में प्रवेश करना सही नहीं है। उर्मिल ठाकुर को भाजपा में आने के लिए पुनर्विचार करना चाहिए जिसका भाजपा स्वागत करेगी। कांग्रेस देश व प्रदेश में डूबता हुआ जहाज हैं और इसमें सवार होकर उनका भविष्य सुरक्षित नहीं होगा। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, जिला महामंत्री विजय पाल सिंह सोहारू, जिला भाजपा मीडिया अध्यक्ष अजय शर्मा, सहमीडिया प्रभारी अंकुश दत्त सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।