कांग्रेस की चुनौती से पार पाने के लिए भाजपा ने किया मंथन
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस की चुनौती से पार पाने के लिए बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती की अध्यक्षता में गुप्त बैठक की गई। इसमें भाजपा नेताओं ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा क्षेत्रों की अब तक की चुनावी स्थिति के बारे में मंथन किया। सभी विधायकों व पूर्व प्रत्याशियों ने लोकसभा चुनाव को लेकर सुझाव दिए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के हर विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। धूमल ने कहा कि कार्यकर्ता अपना बूथ सबसे मजबूत के फार्मूले पर कार्य करें। सतपाल सत्ती ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं की असली परीक्षा होने जा रही है। इसलिए दिन-रात एक कर दें। संगठन मंत्री पवन राणा ने कहा कि कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी को हल्के में न लें और अपने बूथ की रिपोर्ट समय-समय पर आला नेताओं को दें। भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने सुझाव दिया कि फील्ड में कार्यकर्ता जितनी मेहनत करेगा उतना ही लाभ उन्हें व पार्टी संगठन को मिलेगा। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश चंदेल, पूर्व शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान, विधायक रविंद्र रवि व महेंद्र ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक विजय अग्निहोत्री, जिला महामंत्री विजय पाल सिंह सोहारू व राकेश ठाकुर आदि मौजूद थे।