म्युनिसिपल गवर्नेस को अवंथा का साथ
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : धर्मशाला म्युनिसिपल गवर्नेस को पुणे की अवंथा फाउंडेशन का सहारा मिल गया है।
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : धर्मशाला म्युनिसिपल गवर्नेस को पुणे की अवंथा फाउंडेशन का सहारा मिल गया है। संस्था ने 90 लाख रुपये जारी किए हैं। नगर निगम की हर सर्विसेज को हाइटेक बनाने में भी संस्था योगदान देगी। कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत अवंथा फाउंडेशन नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर डबल एंट्री अकाउंटिंग सिस्टम प्रॉपर्टी मैनेजमेंट, आय के साधन बढ़ाने के लिए फंड उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कार्य करेगी।
नगर निगम धर्मशाला की म्युनिसिपल गवर्नेस अभी तक उस दिशा की ओर नहीं पहुंच पाई है जिसके मुताबिक नागरिकों को हाइटेक सुविधाएं मिल पाएं। इसीलिए अवंथा ने नगर निगम से हाथ मिलाया है। योजना के तहत वार्ड स्तर पर भी म्युनिसिपल गवर्नेस को मजबूत बनाया जाएगा।
महापौर, उप महापौर व पार्षदों को करेंगे ट्रेंड
अवंथा फाउंडेशन बाकायदा महापौर, उप महापौर व पार्षदों को प्रशिक्षित करेगी। इसकी वजह यह है कि वार्ड स्तर पर विकास की मुख्य जिम्मेदारी पार्षदों के हाथ होती है और पार्षद के नेतृत्व में ही वार्ड स्तर पर समिति बनती है, जो यह तय करती है कि कौन से विकास कार्य करवाए जाने जरूरी हैं। इस दिशा में पहले भी प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हो चुकी हैं। महापौर, उप महापौर व पार्षदों को उनकी शक्तियों से भी रू-ब-रू करवाया जा चुका है।
यह है म्युनिसिपल गवर्नेस
म्युनिसिपल गवर्नेस के तहत जितनी भी सुविधाएं हैं वे नागरिकों को हाइटेक तरीके से पहुंच पाएंगी और साथ ही कार्यालय कार्य भी हाइटेक्नीक से होगा।
संस्था कर रही सहयोग
म्युनिसिपल गवर्नेस को मजबूत बनाने के लिए पुणे की अवंथा फाउंडेशन सहयोग कर रही है। अभी तक 90 लाख रुपये संस्था जारी कर चुकी है। मैन पावर के साथ-साथ प्रशिक्षण भी देगी। इसके तहत वार्ड स्तर पर म्युनिसिपल गवर्नेस को मजबूत बनाया जाएगा।
-कै. जेएम पठानिया, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला।