अकाली-भाजपा सरकार से जनता त्रस्त : आशा
संवाद सहयोगी, डलहौजी : पंजाब कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद पहली मर्तबा गृह क्षेत्र पहुंची
संवाद सहयोगी, डलहौजी : पंजाब कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद पहली मर्तबा गृह क्षेत्र पहुंची पार्टी सचिव एवं स्थानीय विधायक आशा कुमारी का शुक्रवार को बनीखेत में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान आशा कुमारी ने जनसभा में कहा कि पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। पंजाब में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए ग्रास रूट से संगठन को सशक्त किया जाएगा। आशा कुमारी ने कहा कि पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस शानदार प्रदर्शन कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।
आशा कुमारी शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बनीखेत के समीप लाहड़ नामक स्थान पर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
आशा कुमारी ने भलेई मंदिर में शीश नवाकर मां का आशीर्वाद पाया। भलेई मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कमल ठाकुर व प्रचार सचिव अमर चंद शर्मा ने आशा कुमारी को मां की चुनरी भेंटकर सम्मानित किया।
इस दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी ने कहा कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने उनपर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें अहम जिम्मेवारी सौंपी है। इस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।
इस मौके पर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य विनय महाजन, नगर परिषद डलहौजी के पूर्व उपाध्यक्ष बिशन लाल, नप डलहौजी के मनोनीत पार्षद सरदार परमजीत ¨सह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर व उपाध्यक्ष कुलदीप चंद शर्मा, महासचिव राजेश ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता अमर ¨सह, तिलक राज कपूर व डलहौजी हलके के युकां अध्यक्ष अमित शर्मा सहित जिला परिषद अध्यक्ष डीएस पठानिया व विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।