सेब के नए पौधे खरीदने को तैयार रहें बागवान : दौलत
संवाद सूत्र, भरमौर : जनजातीय क्षेत्र भरमौर की भूमि को सेब के पौधों से पाटने में लगे उद्यान विभाग ने
संवाद सूत्र, भरमौर : जनजातीय क्षेत्र भरमौर की भूमि को सेब के पौधों से पाटने में लगे उद्यान विभाग ने बागवानों को खेतों में गड्ढे करके उसमें खाद डालकर तैयार रखने की अपील की है। उद्यान विभाग के वस्तु विषय विशेषज्ञ दौलत राम वर्मा ने कहा कि हाल में हुई बर्फबारी आगामी सेब की फसल के लिए तो लाभदायक है। नए पौधे लगाने के लिए भी यह बेहतरीन समय है। उन्होंने कहा कि इसी माह की 28 तारीख तक विभाग के तमाम बिक्री केंद्रों पर सेब, खुमानी, पलम, बादाम, आड़ू आदि फलों के पौधे पहुंच जाएंगे। पौधों की पहली खेप में 15 हजार सेब के पौधे मंगवाए गए हैं, जिनमें स्पर, रॉयल डिलीशियस व गोल्डन सेब के पौधे होंगे। दौलत राम वर्मा ने कहा कि इस सीजन में 80 हजार नए पौधे रोपे जाने की संभावना है। किसान बागवान अभी भी पारंपरिक तरीके से ही बागवानी कर रहे हैं, जिस कारण वे सेब का सही मूल्य प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। बागवान यदि जैविक सेब उत्पादन करते हैं तो उनकी आय में चार गुणा अधिक बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बागवानों को जैविक खाद का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने बागीचों के लिए स्वयं केंचुआ खाद तैयार करने का प्रयास करें।